जमशेदपुर, 10 अक्टूबर। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु और जाममुक्त बनाए रखने की मांग को लेकर सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एससीसीआई) के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को जिला ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार से मुलाकात की। चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने शहर के प्रमुख बाजारों और चौक-चौराहों पर लगने वाले जाम की समस्या से अवगत कराते हुए यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए कई सुझाव दिए।
मुलाकात के दौरान मानव केडिया ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में खरीदारी, पूजा पंडालों में दर्शन और लोगों की आवाजाही बढ़ने से सड़कों पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस को यातायात के सुचारु संचालन, जाम से राहत और प्रमुख चौराहों पर वाहनों के बेहतर प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि आम नागरिकों और व्यापारियों को परेशानी न हो।
प्रतिनिधिमंडल ने बिष्टुपुर के वोल्टास गोलचक्कर, गोपाल मैदान गोलचक्कर और जुस्को गोलचक्कर के अलावा जुगसलाई चौक बाजार, स्टेशन रोड, साकची गोलचक्कर तथा मानगो में जाम की समस्या उठाई। इन स्थानों पर अतिरिक्त ट्रैफिक बल की तैनाती, प्रभावी यातायात नियंत्रण और जरूरत के अनुसार विशेष व्यवस्था करने का सुझाव दिया गया।
चैंबर अध्यक्ष ने कहा कि त्योहारों के दौरान परिवार के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहनों से निकलने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जाना चाहिए। यातायात नियमों के पालन के साथ-साथ सड़कों पर आवागमन सुचारु रखने और बाजारों में लोगों की आवाजाही आसान बनाने पर भी जोर दिया जाना जरूरी है।
वहीं, ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि उठाए गए मुद्दों और सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने त्योहारों के दौरान आम लोगों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए आवश्यक यातायात व्यवस्था करने का भरोसा दिलाया।
प्रतिनिधिमंडल में चैंबर के उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल (गोल्डी), सचिव विनोद शर्मा तथा कार्यकारिणी समिति के सदस्य उमेश खिरवाल और अमित संघी उपस्थित थे।

