Breaking
Sat. Oct 10th, 2026

*रूपी सोरेन के निधन पर बनमालीपुर का जनजातीय महोत्सव स्थगित, सुखराम उरांव ने दी श्रद्धांजलि*

चाईबासा: झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता और दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की पत्नी तथा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन के निधन पर चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उरांव ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनका जीवन त्याग, धैर्य, समर्पण और संघर्ष का प्रतीक रहा। उनके निधन से झारखंड ने एक ऐसी महिला को खो दिया है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में परिवार को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

रूपी सोरेन का निधन 7 अक्टूबर 2026 को हुआ था। 8 अक्टूबर को उनके पैतृक गांव नेमरा में अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन से राजनीतिक, सामाजिक और जनजातीय क्षेत्रों में शोक का माहौल है।

सुखराम उरांव ने कहा कि अलग झारखंड राज्य की मांग और महाजनी प्रथा के खिलाफ चले संघर्ष के दौरान शिबू सोरेन लगातार जनाधिकारों और आदिवासी अस्मिता के लिए सक्रिय रहे। उस कठिन दौर में रूपी सोरेन ने परिवार की जिम्मेदारियों को संभाला और विपरीत परिस्थितियों में अपने पति को संबल प्रदान किया।

उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन का इतिहास केवल सड़कों पर उतरकर संघर्ष करने वाले लोगों की कहानी नहीं है, बल्कि उन परिवारों के त्याग और समर्पण की कहानी भी है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में आंदोलनकारियों का साथ दिया। रूपी सोरेन का योगदान इसी संघर्ष का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है।

उनकी भूमिका की तुलना महाभारत में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को दिए गए मार्गदर्शन और संबल से करते हुए कहा गया कि जिस प्रकार श्रीकृष्ण ने अर्जुन का साथ दिया, उसी प्रकार रूपी सोरेन ने भी संघर्ष के दौर में परिवार को मजबूती प्रदान की। उनका त्याग और सहयोग सदैव याद किया जाएगा।

रूपी सोरेन के निधन के बाद शोक की भावना को देखते हुए चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव के गांव बनमालीपुर में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय जनजातीय महोत्सव को स्थगित कर दिया गया है। दुर्गा पूजा के अवसर पर यहां प्रत्येक वर्ष महोत्सव का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर ली गई थी और आयोजन की तैयारियां पूरी थीं।

लट्टू उरांव कल्याण समिति और ग्रामीणों ने शोक की इस घड़ी में महोत्सव आयोजित नहीं करने का निर्णय लिया। यह निर्णय दिवंगत रूपी सोरेन के प्रति सम्मान और संवेदना व्यक्त करने के उद्देश्य से लिया गया है।

विधायक सुखराम उरांव ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने रूपी सोरेन को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

Related Post