चाईबासा: सेल गुवा की ओर से सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत क्षेत्र की 10 युवतियों को एएनएम नर्सिंग प्रशिक्षण का अवसर दिया गया है। चयनित सभी युवतियां राउरकेला में दो वर्षों तक एएनएम नर्सिंग का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी। इनमें आठ युवतियां सेल के सीएसआर के दायरे में आने वाले गांवों से हैं, जबकि दो युवतियां गुवा गांव की हैं।
प्रशिक्षण के लिए चयनित युवतियों में सोनाली सांडील, बेंजो बलमुचू, संगीता सांडील, बलमा पूर्ति, गुरुवार सिद्धू, पन्मई अंगारिया, शिवानी कुमारी दास, वर्षा सुनी, सुकन्या गोछ्छाईत और माही कुमारी गुप्ता शामिल हैं। सभी चयनित युवतियों को राउरकेला में रहकर दो वर्ष का एएनएम नर्सिंग प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस अवसर पर सेल गुवा के सीजीएम सी.बी. कुमार ने चयनित युवतियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि नर्सिंग प्रशिक्षण से युवतियों को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही उन्हें समाज और लोगों की सेवा करने का अवसर भी मिलेगा। उन्होंने चयनित युवतियों से प्रशिक्षण के दौरान पूरी मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने की अपील की।
कार्यक्रम में सीजीएम सी.बी. कुमार, मां प्रबंधन सुमन सर, सीजीएम एचआर डी. सतपति और डीजीएम सीएसआर अनिल कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।
सेल प्रबंधन की इस पहल से चयनित युवतियों और उनके परिवारों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना की। लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों को नर्सिंग जैसे व्यावसायिक प्रशिक्षण का अवसर मिलने से उनके लिए शिक्षा और रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। इससे युवतियां आत्मनिर्भर बनने के साथ समाज की सेवा में भी योगदान दे सकेंगी।

