Breaking
Tue. Oct 6th, 2026

एमटीएमएच कर्मचारियों को 19 प्रतिशत वार्षिक बोनस, अधिकतम 1.03 लाख रुपये

जमशेदपुर। मेहरबाई टाटा मेमोरियल अस्पताल (एमटीएमएच) के कर्मचारियों के लिए वार्षिक बोनस को लेकर मंगलवार को प्रबंधन और एमटीएमएच कर्मचारी यूनियन के बीच समझौता हुआ। समझौते के तहत कर्मचारियों को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए बेसिक वेतन और डीए के आधार पर 19 प्रतिशत वार्षिक बोनस दिया जाएगा। बोनस की राशि 9 अक्टूबर को कर्मचारियों के बैंक खातों में भुगतान किए जाने की जानकारी दी गई है।

समझौते के अनुसार कर्मचारियों को न्यूनतम 63,282 रुपये और अधिकतम 1,00,306 रुपये बोनस के रूप में मिलेंगे। बोनस समझौते पर अस्पताल प्रबंधन और कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर किए। प्रबंधन की ओर से एमटीएमएच की बोर्ड सदस्य डॉ. विनिता सिंह, अस्पताल के निदेशक डॉ. देब संजय नाग और मानद सचिव अमित केआर सिंह ने हस्ताक्षर किए।

वहीं, कर्मचारी यूनियन की ओर से अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय, महासचिव बीके दिंडा, उपाध्यक्ष मोहम्मद वाहिद और सहायक सचिव आसिफ इमरान ने समझौते पर हस्ताक्षर किया।

बोनस समझौता होने के बाद अस्पताल के कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। यूनियन ने इसे कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण समझौता बताया है। यूनियन के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने कहा कि प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच आपसी समन्वय से बोनस समझौता संपन्न हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और वे अस्पताल की सेवाओं को और बेहतर तरीके से जारी रखेंगे।

Related Post