चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे में चांडिल पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्र प्रेम महतो की मौत हो गयी, जबकि उनका साथी समीर दास गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा टाटा-रांची मार्ग एनएच-33 पर चांडिल गोलचक्कर के समीप सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार गम्हरिया के शांतिनगर निवासी प्रेम महतो अपने साथी समीर दास के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर चांडिल पॉलिटेक्निक कॉलेज जा रहे थे। दोनों जैसे ही चांडिल गोलचक्कर के पास पहुंचे, इसी दौरान टाटा की ओर से रांची की तरफ जा रहे तेज रफ्तार टिप ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों छात्र सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना में प्रेम महतो को गंभीर चोटें आयीं और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी चांडिल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल समीर दास को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और टिप ट्रेलर को जब्त कर लिया है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
प्रेम महतो की मौत की खबर मिलते ही गम्हरिया के शांतिनगर में शोक की लहर दौड़ गयी। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गयी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और फरार चालक के संबंध में जानकारी जुटायी जा रही है।

