जमशेदपुर: भारत विकास परिषद की जमशेदपुर एवं आदित्यपुर शाखा के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता का शाखा स्तरीय आयोजन रविवार को बिष्टुपुर स्थित सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स भवन में हुआ। प्रतियोगिता में शहर के पांच स्कूलों की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागी विद्यार्थियों ने हिंदी, संस्कृत और लोकगीतों की प्रस्तुतियां दीं। प्रत्येक प्रस्तुति के लिए सात मिनट का समय निर्धारित किया गया था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अतुल भटनागर, टाटा स्टील के ओएमएंडक्यू डिवीजन के महाप्रबंधक, विशिष्ट अतिथि अभिषेक अग्रवाल, सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष, भारत विकास परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष संतोष अग्रवाल, क्षेत्रीय संयोजक सह संयुक्त सचिव दिनेश प्रसाद, शाखा अध्यक्ष अशोक मोदी, शशि मिश्रा, पूर्वी घोष, शाखा सचिव अरुण गुप्ता और राकेश सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इसके बाद डीएवी एनआईटी के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ की प्रस्तुति दी। शाखा अध्यक्ष अशोक मोदी ने स्वागत भाषण दिया। अतिथियों ने भारत विकास परिषद की सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों की सराहना करते हुए प्रतियोगिता के आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी।
डीएवी एनआईटी और एआईडब्ल्यूसी एकेडमी बने विजेता
प्रतियोगिता के परिणाम में आदित्यपुर शाखा के अंतर्गत डीएवी एनआईटी ने प्रथम स्थान हासिल किया। केपीएस गम्हरिया दूसरे और विद्या ज्योति स्कूल तीसरे स्थान पर रहा।
वहीं, जमशेदपुर शाखा के अंतर्गत एआईडब्ल्यूसी एकेडमी बारीडीह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि रामकृष्ण मिशन की टीम दूसरे स्थान पर रही।
दोनों शाखाओं की प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीमें अब 11 अक्टूबर को रांची में आयोजित होने वाली प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता में जमशेदपुर का प्रतिनिधित्व करेंगी।
संस्कार और संस्कृति को बढ़ावा देना उद्देश्य
आयोजकों ने बताया कि भारत विकास परिषद की इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कार, संस्कृति और राष्ट्रभावना को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता शाखा स्तर से शुरू होकर प्रांत, क्षेत्र और उसके बाद राष्ट्रीय स्तर तक आयोजित की जाती है।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका कोंकना दास, सुशांत घोषाल और अलोक ने निभाई। कार्यक्रम का संचालन जमशेदपुर शाखा सचिव अरुण गुप्ता ने किया। अंत में आदित्यपुर शाखा सचिव राकेश सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
आयोजन को सफल बनाने में शैलेंद्र कुमार, पूर्वी घोष, रंजना कुमारी, राजेश सिन्हा, महावीर अग्रवाल, राकेश सिन्हा, विनीत सहाय, भारत सहाय, कविता सहाय, आकांक्षा सुमन, पवन ओझा सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

