Breaking
Mon. Oct 5th, 2026

जलियांवाला बाग एक्सप्रेस के परिचालन पर रोक वापस लेने की मांग, रेल अधिकारियों से मिले सतबीर सिंह सूमो

जमशेदपुर: टाटा-अमृतसर के बीच चलने वाली जलियांवाला बाग एक्सप्रेस (18103/18104) के कोहरे के दौरान प्रस्तावित परिचालन बंद करने के फैसले को लेकर विरोध के स्वर उठने लगे हैं। यात्रियों की परेशानी और जमशेदपुर समेत पूरे कोल्हान के रेल यात्रियों की मांग को लेकर सतबीर सिंह सूमो ने टाटानगर रेलवे स्टेशन पर दक्षिण पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक मनीष कुमार जैन से मुलाकात की।

इस दौरान रेल मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस के परिचालन पर रोक लगाने के निर्णय को वापस लेने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कोहरे के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ट्रेन की गति नियंत्रित की जा सकती है और आधुनिक सुरक्षा तकनीकों का इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन महत्वपूर्ण ट्रेन सेवा को पूरी तरह बंद करने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

सतबीर सिंह सूमो ने कहा कि जलियांवाला बाग एक्सप्रेस जमशेदपुर और अमृतसर के बीच यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण रेल सेवा है। यह ट्रेन झारखंड को उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के कई प्रमुख शहरों से जोड़ती है। लखनऊ, अयोध्या, बरेली, ऋषिकेश और अमृतसर जैसे शहरों तक जाने वाले यात्रियों के लिए इस ट्रेन की उपयोगिता काफी अधिक है।

उन्होंने कहा कि धार्मिक यात्राओं के अलावा बड़ी संख्या में लोग पारिवारिक, सामाजिक और व्यावसायिक कारणों से भी इस ट्रेन का इस्तेमाल करते हैं। विशेष रूप से अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब और जलियांवाला बाग, अयोध्या तथा ऋषिकेश जाने वाले यात्रियों के लिए यह रेल सेवा अहम है। ऐसे में कोहरे के कारण ट्रेन का परिचालन पूरी तरह बंद होने से यात्रियों के सामने अतिरिक्त परेशानी खड़ी हो सकती है।

सूमो ने कहा कि कोहरे के दौरान सुरक्षित रेल परिचालन के लिए रेलवे की ओर से आधुनिक तकनीकों और सुरक्षा उपायों का इस्तेमाल किया जा सकता है। फॉग सेफ डिवाइस, आधुनिक सिग्नलिंग और संचार व्यवस्था के साथ जरूरत के अनुसार ट्रेन की गति नियंत्रित कर परिचालन को सुरक्षित बनाए रखने पर विचार किया जाना चाहिए।

उन्होंने रेल प्रशासन से यात्रियों की सुरक्षा और रेल सेवा की निरंतरता के बीच संतुलन कायम करने की मांग की। साथ ही कहा कि जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को बंद करने के बजाय सुरक्षा मानकों के अनुरूप इसके परिचालन को जारी रखने का रास्ता तलाशा जाना चाहिए।

इन लोगों ने भी जताया समर्थन

मुलाकात के दौरान चंचल भाटिया, जसवंत सिंह, कर्मजीत सिंह कमें, कुलवंत सिंह, कुलवंत सिंह कांटे, हैप्पी सिंह, सतनाम सिंह खुशीपुर, हरदीप सिंह समेत भाजपा के सिख समाज से जुड़े नेता और सामाजिक प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने ट्रेन का परिचालन बंद नहीं करने और यात्रियों के हित में इसे नियमित रूप से चलाने की मांग का समर्थन किया।

ज्ञापन में प्रमुख मांगें

– जलियांवाला बाग एक्सप्रेस (18103/18104) को कोहरे के कारण बंद करने का निर्णय वापस लिया जाए।
– ट्रेन का नियमित परिचालन जारी रखा जाए।
– कोहरे के दौरान आधुनिक सुरक्षा तकनीकों का इस्तेमाल किया जाए।
– जरूरत के अनुसार ट्रेन की गति नियंत्रित कर सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित किया जाए।
– यात्रियों की धार्मिक, सामाजिक, पारिवारिक और व्यावसायिक जरूरतों को ध्यान में रखा जाए।

रेल यात्रियों से जुड़ी इस मांग को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जमशेदपुर और कोल्हान क्षेत्र के यात्रियों के लिए जलियांवाला बाग एक्सप्रेस एक महत्वपूर्ण रेल कड़ी है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन सेवा को जारी रखने के लिए रेलवे स्तर पर व्यावहारिक समाधान निकाला जाना चाहिए।

Related Post