Breaking
Mon. Oct 5th, 2026

भालुबासा में सुपरवाइजर ने फंदे से झूलकर दी जान, डिप्रेशन और आर्थिक तंगी की बात सामने आई

जमशेदपुर।सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालुबासा हरिजन बस्ती में रविवार की शाम एक ठेका कंपनी में सुपरवाइजर के रूप में काम करने वाले 40 वर्षीय जीतू मुखी ने फंदे से लटककर जान दे दी। घटना शाम करीब छह बजे की बतायी जा रही है। घटना के समय जीतू घर में अकेले थे। उनकी पत्नी काम पर गयी थी, जबकि दोनों बच्चे भी घर पर मौजूद नहीं थे।

बताया जाता है कि देर शाम जब परिजन घर लौटे तो जीतू को कमरे में फंदे से लटका पाया। इसके बाद परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना सीतारामडेरा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सोमवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों के अनुसार, जीतू मुखी पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में चल रहे थे। परिवार के सामने आर्थिक परेशानियां भी थीं। हालांकि, इन परिस्थितियों का आत्महत्या से सीधा संबंध था या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

Related Post