चाईबासा: सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को चाईबासा में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सेविकाओं को सम्मानित किया गया। वहीं, आंगनबाड़ी केंद्र में मौजूद बच्चों के बीच फल, बिस्कुट और चॉकलेट का वितरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन संयोजक हेमंत विश्वकर्मा ने किया।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सेविकाओं और बच्चों को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक जवाहरलाल बानरा ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के लिए समाज की प्रारंभिक पाठशाला है। यहां बच्चों को पठन-पाठन के साथ-साथ खेल के माध्यम से कई जरूरी बातें सिखाई और समझाई जाती हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार की ओर से आंगनबाड़ी केंद्रों में समय-समय पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए।
जवाहरलाल बानरा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत वे लोग आंगनबाड़ी सेविका और सहायिकाओं की समस्याओं और उनकी बातों को सुनने व समझने के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि सेविका और सहायिका के सहयोग से बच्चों की देखभाल और उनके विकास के साथ एक बेहतर समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा है।
उन्होंने आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के शुरुआती विकास में उनकी भूमिका काफी महत्वपूर्ण है। ऐसे कार्यक्रमों से सेविकाओं का उत्साह बढ़ता है और बच्चों को भी प्रोत्साहन मिलता है।
कार्यक्रम में भाजपा नगर अध्यक्ष राकेश पोद्दार, पूर्व जिला अध्यक्ष मनीष कुमार राम, प्रदेश सदस्य जेबी तुबिद, पूर्व जिला महामंत्री प्रताप कटियार, महतो रंजन प्रसाद, रूपा दास, हर्ष रवानी, अनंत सयनम, विप्लव सिंह, पंकज सिंह, नगर कार्यक्रम संयोजिका मृदुला निषाद, डोली कर, रीना कर, रोहित दास, राहुल कारवां, कामेश्वर विश्वकर्मा, शिबू दत्ता, अंगद साह और नितिन विश्वकर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

