चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के आनंदपुर प्रखंड के झारबेड़ा पंचायत अंतर्गत टेन्ड्राउली के निर्माणाधीन हॉकी स्टेडियम में रविवार को शहीद देवेंद्र माझी मेमोरियल हॉकी टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। सलन चंद्रमोहन फ्रेंड्स क्लब टेन्ड्राउली के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। टूर्नामेंट में कुल 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला नौ अक्टूबर को खेला जाएगा।
उद्घाटन मैच आरसी क्लब जेके और स्टार इलेवन ब्रो के बीच खेला गया, जिसमें आरसी क्लब जेके ने जीत दर्ज की। इस अवसर पर खिलाड़ियों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि क्षेत्र के विकास के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और मंच उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने कहा कि टेन्ड्राउली में जिले का पहला हॉकी स्टेडियम तैयार हो रहा है, जो क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा होगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही खिलाड़ियों को यहां टर्फ मैदान की सुविधा भी मिलेगी। सांसद ने खिलाड़ियों से लक्ष्य निर्धारित कर नियमित रूप से मेहनत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि टेन्ड्राउली की धरती से राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकलकर देश और झारखंड का नाम रोशन करें, यही उनकी कामना है।
जोबा माझी ने कहा कि विधायक जगत माझी ने क्षेत्र के लोगों से किए वादे के अनुरूप टेन्ड्राउली में हॉकी स्टेडियम के निर्माण की दिशा में पहल की है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि नवनिर्मित स्टेडियम में भविष्य में महिला हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र की बेटियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
मौके पर पश्चिमी सिंहभूम जिला हॉकी एसोसिएशन के अध्यक्ष वीर सिंह मुंडा, सचिव जगदीप महाराणा, कोषाध्यक्ष इलियास भेंगरा, मनोहरपुर के उप प्रमुख दीपक एक्का, आयोजन समिति एससीएफसी टेन्ड्राउली के अध्यक्ष मनोहर बुढ़, सचिव सुगड़ डांग, गोल्डन चेरेवा, नेलसन केरकेट्टा, अनिल सुरीन, अर्जुन राउतिया, सलन मानकी, चंद्रमोहन राउतिया, बेंजामिन चेरेवा, अल्बन बरोवा, सुकवान कोनगाड़ी, झामुमो नेता संजीव गंताइत, अजय कच्छप, सूर्य प्रताप सिंहदेव, झामुमो प्रखंड सचिव राजू सिंह और पिंटू जैन समेत बड़ी संख्या में खेलप्रेमी एवं ग्रामीण मौजूद थे।

