Breaking
Sun. Oct 4th, 2026

*गुदरी और टोंटो में दिव्यांगों व वरिष्ठ नागरिकों के लिए लगेगा सहायक उपकरण शिविर*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में संचालित प्रोजेक्ट जागृति- बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम के तहत गुदरी और टोंटो प्रखंड में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। गुदरी में 5 और 6 अक्टूबर तथा टोंटो में 7 और 8 अक्टूबर 2026 को शिविर लगेगा।

शिविर का आयोजन भारत सरकार की दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण खरीदने एवं फिटिंग के लिए सहायता योजना (एडीआईपी) तथा राष्ट्रीय वयोश्री योजना (आरवीवाई) के तहत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के सहयोग से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जरूरतमंद दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके जीवन को सुविधाजनक और आत्मनिर्भर बनाने में मदद करना है।

शिविर में पात्र लाभुकों को व्हीलचेयर, ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र, बैसाखी, वॉकर, छड़ी सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। इससे लाभुकों को दैनिक कार्यों और आवागमन में सुविधा मिलने के साथ सामाजिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी बढ़ाने में मदद मिलेगी।

जिला प्रशासन ने गुदरी और टोंटो के अलावा आसपास के प्रखंडों के पदाधिकारियों और कर्मियों से पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों तक शिविर की जानकारी पहुंचाने की अपील की है। प्रशासन ने अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को निर्धारित तिथि पर शिविर में पहुंचने के लिए प्रेरित करने को कहा है।

शिविर में आने वाले लाभुकों को अपने साथ आधार कार्ड, राशन कार्ड और दो पासपोर्ट आकार के फोटो लाने होंगे। प्रशासन ने संबंधित पदाधिकारियों, कर्मियों और स्थानीय प्रतिनिधियों से शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की है, ताकि पात्र लाभुक जानकारी के अभाव में इस सुविधा से वंचित न रहें।

Related Post