Breaking
Sun. Oct 4th, 2026

जिउतिया के दिन आहर में डूबा पांचवीं का छात्र, मौत से गांव में पसरा मातम

पलामू। जिउतिया पर्व की खुशियां पलामू के छतरपुर थाना क्षेत्र के खाटीन गांव में उस समय मातम में बदल गईं, जब आहर में स्नान करने के दौरान डूबने से 15 वर्षीय राकेश कुमार की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।

बताया गया कि रविवार सुबह राकेश अपनी मां के साथ जिउतिया पर्व को लेकर आहर में स्नान करने गया था। स्नान के बाद वह मां के साथ घर लौटा और मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके कुछ देर बाद वह गांव के अन्य बच्चों के साथ दोबारा आहर में स्नान करने चला गया। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

राकेश को डूबता देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल उसे बचाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने उसे पानी से बाहर निकाला। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

राकेश खाटीन गांव निवासी उपेंद्र गुप्ता का बड़ा बेटा था और छतरपुर के स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल में पांचवीं कक्षा में पढ़ता था। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल में भी बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित पहुंच गए।

जिउतिया पर्व के कारण सुबह से गांव में उत्सव का माहौल था। महिलाएं पूजा-पाठ में जुटी थीं, लेकिन राकेश की मौत की खबर पहुंचते ही खुशियां मातम में बदल गईं। घटना के बाद ग्रामीणों ने जलस्रोतों में स्नान के दौरान बच्चों पर विशेष निगरानी रखने की जरूरत बताई।

सूचना मिलने पर छतरपुर थाना पुलिस अनुमंडलीय अस्पताल पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Post