Breaking
Sat. Oct 3rd, 2026

समाहरणालय के पास बैंक ऑफ इंडिया के गेट का ताला तोड़ने का प्रयास, ग्रामीणों की सक्रियता से टली बड़ी वारदात

सरायकेला। सरायकेला थाना क्षेत्र में चोरों ने शुक्रवार देर रात जिला समाहरणालय परिसर के समीप स्थित बैंक ऑफ इंडिया को निशाना बनाने का प्रयास किया। चोरों ने बैंक के मुख्य प्रवेश द्वार का ताला तोड़ दिया, लेकिन बैंक के अंदर प्रवेश करने से पहले ही उन्हें वहां लोगों की मौजूदगी का आभास हो गया। इसके बाद चोर मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों की सक्रियता के कारण बैंक में बड़ी चोरी की घटना होने से बच गई।

जानकारी के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले बैंक भवन के ऊपर लगे साइन बोर्ड की लाइट के तार को काट दिया, जिससे आसपास अंधेरा हो गया। इसके बाद बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त किया गया। चोरों ने किसी लोहे की रॉड से बैंक के मुख्य गेट का ताला तोड़ने का प्रयास किया और इसमें सफल भी रहे। हालांकि बैंक के बगल में स्थित मां मानसा क्लब में देर रात तक लोगों की आवाजाही होने के कारण चोर अंदर प्रवेश करने की हिम्मत नहीं जुटा सके।

शनिवार सुबह ग्रामीणों ने बैंक के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि चोरों ने बैंक के मुख्य गेट का ताला तोड़ा है। मामले की जांच की जा रही है और अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बैंक के शाखा प्रबंधक कैलाश मंडल भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि चोर मुख्य गेट का ताला तोड़ने में ही सफल हो पाए हैं। बैंक के अंदर किसी तरह की क्षति नहीं हुई है। घटना की जानकारी हेड ऑफिस को दे दी गई है और वहां से टीम भी रवाना हो चुकी है। टीम के पहुंचने के बाद बैंक परिसर की विस्तृत जांच की जाएगी।

इधर, सरायकेला थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कुछ दिन पहले थाना से कुछ ही दूरी पर एक राशन दुकान में चोरों ने करीब एक लाख रुपये की चोरी की थी। उस दौरान भी चोरों ने एक साथ कई स्थानों को निशाना बनाया था। अब जिला समाहरणालय के समीप स्थित बैंक में चोरी का प्रयास किए जाने से पुलिस की गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। खास बात यह है कि बैंक जिला समाहरणालय परिसर के पास स्थित है, जहां उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक समेत जिले के कई महत्वपूर्ण कार्यालय मौजूद हैं। ऐसे संवेदनशील इलाके में चोरी का प्रयास पुलिस के लिए गंभीर चुनौती माना जा रहा है।

Related Post