जमशेदपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जमशेदपुर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत स्वच्छता और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। बारीडीह के 10 नंबर बस्ती स्थित मुखी बस्ती और बिरसानगर जोन नंबर-8 स्थित संत रविदास कॉलोनी में आयोजित अभियान में विधायक पूर्णिमा साहू ने स्वयं स्वच्छता कार्य में भाग लेकर सेवा और श्रम के सम्मान का संदेश दिया।
बारीडीह स्थित मुखी बस्ती में विधायक पूर्णिमा साहू ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने हाथ में झाड़ू लेकर सफाई अभियान में हिस्सा लिया और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की। इस दौरान उन्होंने शहर को स्वच्छ रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वच्छता कर्मियों और मजदूरों के पांव धोकर उनका सम्मान किया तथा उनके चरणों पर पुष्प अर्पित कर उनके श्रम के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। विधायक ने कहा कि स्वच्छता कर्मी पूरे समाज को स्वच्छ रखने के लिए प्रतिदिन मेहनत करते हैं और उनके श्रम का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
इसके बाद बिरसानगर जोन नंबर-8 स्थित संत रविदास कॉलोनी में भी स्वच्छता सह जागरूकता अभियान चलाया गया। यहां स्वच्छता कर्मियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया और उन पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान के प्रति आभार जताया गया। अभियान के दौरान लोगों के बीच घर-घर डस्टबिन का वितरण किया गया तथा उनसे कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की अपील की गई।
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ और बेहतर समाज की बुनियाद माना था। उनके विचारों को व्यवहार में उतारने के लिए स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित रखने के बजाय इसे प्रत्येक व्यक्ति की दैनिक आदत बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ समाज के लिए निरंतर सेवा करने वाले लोगों का सम्मान करना भी है। स्वच्छता कर्मियों के प्रति सम्मान और उनके साथ स्वयं सफाई अभियान में शामिल होना गांधी जी के स्वच्छता संदेश को आगे बढ़ाने का प्रयास है।
कार्यक्रम में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, महानगर उपाध्यक्ष संजीव सिंह, बारीडीह मंडल अध्यक्ष कुमार अभिषेक, बिरसानगर मंडल अध्यक्ष बापन बनर्जी सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता, स्थानीय निवासी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

