Breaking
Fri. Oct 2nd, 2026

*बुजुर्गों की पैदल चाल प्रतियोगिता में जीवन प्रसाद, सुशांतो चटर्जी, सुशील महापात्र और मासूमा परवीन प्रथम*

चाईबासा: सिंहभूम खेल प्रेमी समिति, चाईबासा की ओर से गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जुबिली तालाब के पास बुजुर्गों के लिए पैदल चाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की गई।

प्रतियोगिता में 60 वर्ष से लेकर 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के महिला और पुरुष प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान सदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वास्थ्य टीम ने सभी प्रतिभागियों के ब्लड प्रेशर की जांच की। जांच के दौरान कुछ बुजुर्गों का ब्लड प्रेशर अधिक पाया गया, जिसके कारण वे प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सके।

प्रतियोगिता के बाद प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को नगर परिषद उपाध्यक्ष विकास शर्मा, डॉ. शिव कुमार प्रसाद, डॉ. जगन्नाथ हेंब्रम और समिति के अध्यक्ष आशीष बिरुवा ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मुख्य अतिथि विकास शर्मा ने बुजुर्गों के लिए इस तरह की प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए समिति की सराहना की।

60 से 65 आयु वर्ग में जीवन प्रसाद ने प्रथम, अर्जुन गौड़ ने द्वितीय और गंगाराम टिटिंगेल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 65 से 70 आयु वर्ग में सुशांतो चटर्जी प्रथम, तुरी सुंडी द्वितीय और संतोष गुप्ता तृतीय रहे। 70 से 75 आयु वर्ग में सुशील कुमार महापात्र ने प्रथम, सामु बानरा ने द्वितीय और जहांगीर आलम ने तृतीय स्थान हासिल किया।

महिला वर्ग में मासूमा परवीन प्रथम, सुंदरी कुई द्वितीय और हेलेन देवगम तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं सांत्वना पुरस्कार सोहन मूंधड़ा को दिया गया।

प्रतियोगिता को सफल बनाने में समिति के पीके फौजदार उर्फ नंदू दा, डीके बनर्जी, मतलूब आलम, शीतल बागे, दिवाकर गोप, परवेज आलम, मोअज्जम बिहारी, कृष्णा देवगम, सूरसिंह टोपनो, रमेश दास, सुशील साव समेत समिति के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का सहयोग रहा।

Related Post