Breaking
Thu. Oct 1st, 2026

हुसैनाबाद थाना हाजत से हथकड़ी और रस्सी समेत आरोपी फरार, पुलिस ने शुरू की तलाश

पलामू। हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में रखा गया एक आरोपी पेट दर्द की शिकायत के बाद इलाज के लिए बाहर निकाले जाने के दौरान पुलिसकर्मी को धक्का देकर फरार हो गया। आरोपी के हाथ में हथकड़ी लगी थी और वह रस्सी से भी बंधा हुआ था। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 198/26 में धारा 303(2) बीएनएस के तहत अप्राथमिकी अभियुक्त रीतेश कुमार, पिता अनिल सिंह, निवासी पीपरा बगाही, थाना कुटुंबा, जिला औरंगाबाद, बिहार को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे थाना हाजत में सुरक्षित रखा गया था।

बताया गया कि घटना के दिन रीतेश कुमार ने पेट में दर्द होने की शिकायत की। इसके बाद उसकी सुरक्षा में तैनात चौकीदार उसे इलाज के लिए हाजत से बाहर लेकर जा रहा था। इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर चौकीदार को धक्का दे दिया और हाथ में लगी हथकड़ी तथा रस्सी समेत वहां से भाग निकला।

आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस बल और चौकीदार ने उसका पीछा कर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह मौके से भागने में सफल रहा। घटना के संबंध में ओडी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ने थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर फरार आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई का अनुरोध किया है। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

Related Post