Breaking
Thu. Oct 1st, 2026

*चारमोड़ मैदान में 15 नवंबर से भगवान बिरसा मुंडा फुटबॉल प्रतियोगिता* *64 टीमें लेंगी हिस्सा, विजेता को 50 हजार रुपये का पुरस्कार*

चाईबासा: चक्रधरपुर के चारमोड़ मैदान में आगामी 15 से 18 नवंबर 2026 तक भगवान बिरसा मुंडा फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। नव युवक संघ, गोपीनाथपुर के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में कुल 64 टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता को लेकर आयोजकों की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुखराम उरांव और विशिष्ट अतिथि झामुमो के संरक्षक सह केंद्रीय समिति सदस्य रामलाल मुंडा होंगे। चार दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता में क्षेत्र की विभिन्न फुटबॉल टीमों के बीच मुकाबले होंगे।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के विजेता टीम को 50 हजार रुपये, उपविजेता को 35 हजार रुपये, तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 20 हजार रुपये और चौथे स्थान की टीम को 20 हजार रुपये पुरस्कार दिया जाएगा। पांचवें से आठवें स्थान तक रहने वाली टीमों को 10-10 हजार रुपये पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा मैन ऑफ द सीरीज, मैन ऑफ द मैच और बेस्ट गोलकीपर के लिए भी पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं।

रामलाल मुंडा ने प्रतियोगिता को लेकर कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर आयोजित होने वाली यह प्रतियोगिता युवाओं को खेल के प्रति आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में फुटबॉल को लेकर युवाओं में काफी उत्साह है। इस तरह के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। खेल से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आपसी भाईचारे की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने प्रतियोगिता में अधिक से अधिक युवाओं और खेल प्रेमियों की भागीदारी की अपील की।

प्रतियोगिता के दौरान विशाल मुर्गा पाड़ा का भी आयोजन किया जाएगा। चारों दिन जीतने और हारने वाली टीमों को रस्सी दिए जाने की व्यवस्था रहेगी। फाइनल के दिन मोटरसाइकिल पुरस्कार भी दिया जाएगा।

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रवेश शुल्क 1600 रुपये निर्धारित किया गया है। शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 10 नवंबर और टाई सीट प्राप्त करने की अंतिम तिथि 12 नवंबर है। सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले 18 नवंबर को खेले जाएंगे। प्रवेश शुल्क 9162259608 नंबर पर फोन पे या गूगल पे के माध्यम से जमा किया जा सकता है। संपर्क के लिए 9162259608, 8434588349 और 7488198125 नंबर जारी किए गए हैं।

Related Post