चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रही पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग-2026 में मंगलवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में मनोहरपुर लायंस और सारंडा वारियर्स के बीच मुकाबला टाई रहा, जबकि दूसरे मैच में कोल्हान किंग ने चाईबासा चैलेंजर्स को 30 रनों से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
सुबह 9 बजे खेले गए पहले मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मनोहरपुर लायंस ने चार विकेट पर 256 रन बनाए। मयंक पाल ने 55 गेंदों में 14 चौके और 13 छक्कों की मदद से 149 रनों की शानदार पारी खेली। जिशान हाशमी ने 34 रन बनाए। सारंडा वारियर्स की ओर से विवेक कुमार ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए सारंडा वारियर्स ने भी 20 ओवर में सात विकेट पर 256 रन बनाए और मुकाबला टाई हो गया। विवेक कुमार ने 76 और अंकित शर्मा ने 16 गेंदों में 61 रन बनाए। अंकित शर्मा ने विशाल शर्मा के एक ओवर में छह छक्के लगाए। मनोहरपुर लायंस की ओर से तन्मय तंतुबाई, विनय यादव और सुप्रियो चक्रवर्ती ने दो-दो विकेट लिए। मयंक पाल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें चाईबासा नगर परिषद के उपाध्यक्ष विकास शर्मा ने पुरस्कार दिया।
दोपहर एक बजे खेले गए दूसरे मुकाबले में कोल्हान किंग ने चाईबासा चैलेंजर्स को 30 रन से हराया। कोल्हान किंग ने सात विकेट पर 223 रन बनाए। रोबिन मिंज ने 82 और आशीष तनवर ने 52 रन बनाए। चाईबासा चैलेंजर्स की ओर से आकाश कुमार और एमोस एक्का ने दो-दो विकेट लिए।
जवाब में चाईबासा चैलेंजर्स की टीम आठ विकेट पर 193 रन ही बना सकी। सचिन दूबे ने 84, अरविंद कुमार ने 42 और सुमित शर्मा ने 41 रन बनाए। कोल्हान किंग के आशीष कुमार सिंह ने 37 रन देकर चार विकेट लिए। विश्वजीत सिंह ने दो और सन्नी मिश्रा ने एक विकेट लिया। आशीष कुमार सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पुरस्कार पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष सह टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष डाक्टर विजय कुमार मूँधड़ा ने दिया।

