Breaking
Tue. Sep 29th, 2026

चेगायडीह में तालाब में डूबने से तीन मासूमों की मौत, गांव में पसरा मातम

जामताड़ा। जामताड़ा सदर थाना क्षेत्र के चेगायडीह गांव में मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसे में तीन मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एक साथ तीन बच्चों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मचा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर गांव के तीन बच्चे एक साथ खेल रहे थे। खेलते-खेलते वे गांव के चिरकुटोला स्थित तालाब के पास पहुंच गए। इसी दौरान तीनों बच्चे तालाब में चले गए और गहरे पानी में डूब गए। बताया गया कि तालाब उनके घर से करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। बच्चों के डूबने की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण तत्काल तालाब की ओर पहुंचे और उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।

मृतकों की पहचान पांच वर्षीय आर्यन अंसारी, पिता जसीमुद्दीन अंसारी, करीब छह वर्षीय नासिर अंसारी, पिता तबारक अंसारी और करीब छह वर्षीय अमर सोहेल, पिता सजाउद्दीन अंसारी के रूप में हुई है। तीनों बच्चे चेगायडीह गांव के ही रहने वाले थे। हादसे की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। बच्चों के शव देखकर परिजनों और ग्रामीणों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर जामताड़ा सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्चे तालाब तक कैसे पहुंचे और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।

एक साथ तीन मासूमों की मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। मृतक बच्चों के घरों पर ग्रामीणों की भीड़ जुटी है और लोग शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधा रहे हैं।

Related Post