Breaking
Mon. Sep 28th, 2026

उपायुक्त कार्यालय पर जनांदोलन एकजुटता मंच का प्रदर्शन, एसआईआर वापस लेने की मांग

जमशेदपुर। जनांदोलन एकजुटता मंच के बैनर तले सोमवार को कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, एसआईआर की प्रक्रिया समाप्त करने और मतदाता सूची से हटाए गए नामों को पुनः शामिल करने की मांग की गई। मंच ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि एसआईआर के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं को अनावश्यक रूप से नोटिस जारी किए जा रहे हैं, जिससे गरीब, आदिवासी, मूलवासी, दलित, भूमिहीन, महिलाएं और अल्पसंख्यक वर्ग के लोग परेशान हो रहे हैं।

ज्ञापन में कहा गया कि झारखंड में लाखों मतदाताओं के नाम प्रभावित हुए हैं। मंच ने मांग की कि विश्वसनीय मतदाताओं को केवल आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के आधार पर मतदाता सूची से बाहर नहीं किया जाए। साथ ही धार्मिक और जातीय आधार पर किसी भी तरह के भेदभाव को रोकने तथा चुनाव अधिकारियों को मतदाताओं के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने का निर्देश देने की मांग की गई।

मंच ने एसआईआर से तैयार मतदाता सूची के आधार पर हुए चुनावों को रद्द कर पुरानी एवं सही मतदाता सूची के आधार पर पुनः चुनाव कराने तथा चुनाव आयोग की चयन समिति में स्वतंत्र प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की मांग भी रखी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान सिया शरण शर्मा, सुरख चंद्रमा साई, जाशो चुमलसी, स्टेमेन, राज कुमार दास, हरि बालक प्रसाद, गौतम एर बेवे, समेन फन्ना और सुमित राय सहित अन्य लोगों के मौजूद थे।

Related Post