Breaking
Mon. Sep 28th, 2026

बिंदल मॉल गोलीकांड में फरार तीन आरोपियों पर एक-एक लाख का इनाम, सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गुप्त

जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र स्थित बिंदल मॉल के एक रेस्टोरेंट में 26 सितंबर को हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने फरार तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक-एक लाख रुपये के नगद इनाम की घोषणा की है। पुलिस के अनुसार घटना में तीन युवकों की संलिप्तता सामने आई है, जिनमें दो की पहचान अजित मंडल और मोहन यादव के रूप में हुई है, जबकि तीसरे आरोपी की पहचान अभी नहीं हो सकी है। तीनों घटना के बाद से फरार हैं और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहे हैं।

वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम की ओर से जारी सूचना के अनुसार 26 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 1.30 बजे सोनारी थाना क्षेत्र के बिंदल मॉल स्थित एक रेस्टोरेंट में तीन युवकों ने जान मारने की नीयत से गोलीबारी की थी। इस घटना में कुल चार लोग घायल हुए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज किए।

मामले को लेकर सोनारी थाना कांड संख्या 80/26, दिनांक 26 सितंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109, 111(2)(बी), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में ह्यूम पाइप, छायानगर निवासी अजित मंडल, आदर्श नगर ग्वाला बस्ती निवासी मोहन यादव तथा एक अज्ञात युवक को आरोपी बनाया गया है।

पुलिस के मुताबिक कांड में संलिप्त तीनों आरोपी फिलहाल फरार हैं। पुलिस ने उनकी तस्वीरें जारी करते हुए आम लोगों से अपील की है कि यदि इनमें से किसी आरोपी के संबंध में कोई जानकारी मिलती है या उनके ठिकाने का पता चलता है तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार स्थान बदल रहे हैं और छिपकर रह रहे हैं, इसलिए उनकी गिरफ्तारी के लिए आम लोगों से मिलने वाली सूचना महत्वपूर्ण हो सकती है।

पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने फरार तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को प्रत्येक आरोपी के संबंध में एक-एक लाख रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। किसी भी आरोपी के बारे में जानकारी मिलने पर वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के कार्यालय में 9431706480 नंबर पर सूचना दी जा सकती है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि आरोपी के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी होने पर स्वयं उससे संपर्क या उसे पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल पुलिस को सूचित करें। बिंदल मॉल के रेस्टोरेंट में हुई गोलीबारी के बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Post