चाईबासा: रविवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश महासचिव (संगठन एवं प्रशिक्षण) सुनीत शर्मा ने कहा कि मतदाता सूची की विश्वसनीयता, प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता लोकतंत्र के लिए जरूरी है।
उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार 28 सितंबर 2026 को दोपहर 12 बजे कांग्रेस भवन, चाईबासा से मार्च निकाला जाएगा। मार्च के माध्यम से मतदाता अधिकारों की सुरक्षा, निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग उठाई जाएगी। मार्च के बाद कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपायुक्त, पश्चिमी सिंहभूम के माध्यम से सौंपेगा।
सुनीत शर्मा ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची से नाम हटाने, जोड़ने या संशोधन की प्रक्रिया में प्रत्येक नागरिक को उचित सूचना देने के साथ आपत्ति दर्ज कराने और सुनवाई का प्रभावी अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने मतदाता सूची में हुए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग भी रखी।
उन्होंने निर्वाचन आयोग की सूचना-प्रौद्योगिकी व्यवस्था, आंकड़ा प्रबंधन और केंद्रीकरण से संबंधित प्रक्रियाओं के स्वतंत्र परीक्षण की मांग की। साथ ही मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार से संबंधित सार्वजनिक आरोपों और उठाए गए सवालों की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच की बात कही।
सुनीत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस किसी संस्था को कमजोर करने के पक्ष में नहीं है। पार्टी संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता और जनता के विश्वास को मजबूत करने के लिए पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग कर रही है।
कांग्रेस की प्रमुख मांगों में आरोपों की स्वतंत्र जांच, महत्वपूर्ण निर्णयों की समीक्षा, विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची में हुए बदलावों की समीक्षा, निर्वाचन आयोग की सूचना-प्रौद्योगिकी व्यवस्था का स्वतंत्र परीक्षण, मतदाताओं को प्रभावी सुनवाई का अधिकार और निर्वाचन प्रक्रिया में संस्थागत पारदर्शिता सुनिश्चित करना शामिल है।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, मंडल अध्यक्ष सोमा पुरती, इम्तियाज खान, लियोनर्ड बोदरा और हेर बदन बोदरा मौजूद थे।

