मेदिनीनगर। पलामू जिले में बैंकिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से रविवार को सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा ऑडिट अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर संबंधित थाना पुलिस की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्र के बैंकों का निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से जांच की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बैंक परिसरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और उनकी रिकॉर्डिंग व्यवस्था की जानकारी ली। इसके अलावा सायरन, फायर अलार्म, आपातकालीन बटन, सुरक्षा गार्ड की तैनाती तथा बैंक के प्रवेश और निकास द्वार की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया गया। पुलिस टीमों ने बैंक परिसर के आसपास के इलाकों में भी निगरानी की और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई।
सुरक्षा ऑडिट के दौरान बैंक प्रबंधकों और कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी गई। पुलिस ने सभी सीसीटीवी कैमरों को 24 घंटे चालू रखने और रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखने का निर्देश दिया। किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय थाना पुलिस को सूचना देने को भी कहा गया।
पुलिस अधिकारियों ने बैंक कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए नियमित रूप से मॉक ड्रिल आयोजित करने और सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करने का निर्देश दिया। पुलिस के अनुसार बैंक लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा की जा रही है। पलामू पुलिस ने बैंक ग्राहकों और कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए आने वाले दिनों में भी इस तरह की जांच जारी रखने की बात कही है।

