मेदिनीनगर। पलामू पुलिस ने शहर थाना कांड संख्या 315/2026 का उद्भेदन करते हुए अंतरजिला गृहभेदन एवं चोरी गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर करीब 45 ग्राम सोना, माला व लॉकेट सहित करीब 80 ग्राम सोना जैसा आभूषण तथा करीब 7.8 किलोग्राम चांदी जैसे आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा घरों के दरवाजे और खिड़की तोड़ने व काटने में इस्तेमाल किए जाने वाले विभिन्न औजार भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 28 अगस्त को सदुना, गायत्री मंदिर रोड निवासी प्रेमजीत कुमार सिंह की शिकायत पर शहर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ राजेश यादव के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी शाखा की मदद और स्थानीय स्तर पर मिली सूचनाओं के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम रायरंगपुर, मयूरभंज, ओडिशा पहुंची, जहां से तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने पलामू और गढ़वा जिले में दिन के समय बंद मकानों की रेकी करने और रात में चिन्हित घरों में चोरी करने की जानकारी दी। पुलिस को यह भी पता चला कि चोरी किए गए आभूषण रोहतास जिले के डेहरी स्थित डालमियानगर के प्रमोद ज्वेलर्स में बेचे जाते थे।
इसके बाद पुलिस ने डालमियानगर और डेहरी से दो अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही के आधार पर शहर थाना क्षेत्र में अलग-अलग तिथियों में हुई कई गृहभेदन की घटनाओं में उनकी संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने प्रमोद ज्वेलर्स से चोरी के आभूषणों में से करीब 45 ग्राम सोना, माला सहित करीब 80 ग्राम सोना जैसा आभूषण और करीब 7.8 किलोग्राम चांदी जैसा आभूषण बरामद किया।
गिरफ्तार आरोपियों में सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां थाना क्षेत्र के बड़ा अमदा निवासी लक्ष्मण मोदी उर्फ लक्ष्मण खेरवार, वर्तमान पता डालमियानगर निवासी, डालमियानगर निवासी प्रमोद सोनी, डेहरी के मथुरापुर निवासी अरविन्द खेरवार तथा हजारीबाग जिले के पेलावल थाना क्षेत्र के रोमी निवासी राजू कुमार और राज कुमार शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से पिलास, सब्बल, पगहा, टांगी, दाब और मुलेल समेत घरों के दरवाजे-खिड़की काटने व तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले औजार भी बरामद किए हैं। छापामारी दल में सदर एसडीपीओ राजेश यादव, प्रोबेशनर डीएसपी मृत्युंजय गोप, शहर थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार, अहातू थाना प्रभारी रितेश लकड़ा समेत क्राइम कंट्रोल विंग और शहर थाना के पुलिसकर्मी शामिल थे।

