जमशेदपुर : छाया नगर स्थित हरि मंदिर के समीप सामुदायिक भवन में पीपल फॉर चेंज के एडिर फेलोशिप के तहत निःशुल्क दस्तावेजीकरण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। एडिर फेलो प्रियंका मोहंता के नेतृत्व में आयोजित शिविर में स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य से जुड़ी सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी देने के साथ जरूरी दस्तावेज तैयार कराने तथा आवेदन प्रक्रिया में सहयोग किया गया।
शिविर में 60 से अधिक लोगों ने भाग लिया। उन्हें आयुष्मान कार्ड और आभा कार्ड के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। टीम के सदस्यों ने लाभार्थियों को बताया कि इन कार्डों का उपयोग किस प्रकार किया जा सकता है और इन्हें बनवाने के लिए किन दस्तावेजों की आवश्यकता होती है। जिन लोगों को आवेदन प्रक्रिया या दस्तावेजीकरण को लेकर परेशानी थी, उन्हें मौके पर आवश्यक सहयोग भी उपलब्ध कराया गया।
शिविर का उद्देश्य समुदाय के ऐसे लोगों तक सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी पहुंचाना था, जो जानकारी या दस्तावेजों के अभाव में योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह जाते हैं। आयोजकों ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए सही जानकारी और जरूरी दस्तावेज दोनों महत्वपूर्ण हैं। इसी उद्देश्य से स्थानीय स्तर पर लोगों को जागरूक करने और उन्हें सरकारी सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
एडिर फेलो प्रियंका मोहंता ने कहा कि समुदाय के लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ दस्तावेज तैयार कराने और आवेदन में सहयोग करना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि लोगों की जरूरत के अनुसार इस तरह के जागरूकता और दस्तावेजीकरण शिविर आगे भी आयोजित किए जाएंगे।

