जमशेदपुर। विश्व हृदय दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को जमशेदपुर में हृदय स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता का संदेश गूंजा। ब्रह्मानंद नारायणा अस्पताल, तामोलिया की ओर से आयोजित मेगा वॉकाथॉन में करीब चार हजार शहरवासियों ने हिस्सा लेकर स्वस्थ हृदय के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। सुबह 6.30 बजे कीनन स्टेडियम के समीप से शुरू हुआ वॉकाथॉन विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए लोगों को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करता रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन अस्पताल के सीनियर कार्डियक सर्जन डॉ. परवेज आलम, वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अजय कुमार अग्रवाल, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. मुकेश कुमार, किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी के मालिक अनीस अहमद और फैसिलिटी डायरेक्टर ए. धर्मा राव ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर चिकित्सकों ने कहा कि हृदय को स्वस्थ रखने के लिए केवल बीमारी के बाद इलाज ही नहीं, बल्कि पहले से ही जीवनशैली में सुधार और नियमित स्वास्थ्य जांच पर ध्यान देना जरूरी है।
डॉ. परवेज आलम ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में असंतुलित खानपान, शारीरिक गतिविधियों की कमी और तनाव हृदय स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकते हैं। संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, तनाव पर नियंत्रण और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। डॉ. अजय कुमार अग्रवाल, डॉ. अखलाक अहमद, डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. संतोष गुप्ता, डॉ. अमित कुमार, डॉ. चंपई सोरेन, डॉ. उमेश प्रसाद, डॉ. विजय सिंह और डॉ. राम नरेश राय ने भी प्रतिभागियों को हृदय रोग से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली से जुड़े सुझाव दिए।
वॉकाथॉन से पहले जुंबा सेशन का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। हाथों में हृदय स्वास्थ्य से जुड़े संदेशों वाली तख्तियां लेकर लोगों ने वॉकाथॉन में भागीदारी की। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से सीधे संवाद करने का अवसर भी मिला।
फैसिलिटी डायरेक्टर ए. धर्मा राव ने कहा कि वॉकाथॉन में शहरवासियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी यह दर्शाती है कि लोग अपने स्वास्थ्य को लेकर जागरूक हो रहे हैं। उन्होंने आयोजन में सहयोग करने वाले किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी, बैंक ऑफ इंडिया, एलआईसी ऑफ इंडिया, एएसजी आई हॉस्पिटल, लायंस क्लब ऑफ जमशेदपुर, जीएलएसएम, जमुना ऑटो, टाटा मोटर्स हॉस्पिटल, बीएमडब्ल्यू, साउथ ईस्टर्न रेलवे, सावा कंसल्टेंसी, ओरिएंटल इंश्योरेंस और एयर वाटर समेत अन्य संस्थाओं के प्रति आभार जताया। समापन पर आयोजित लकी ड्रॉ में बुलंद इकबाल खान ने डायमंड पेंडेंट जीता। वॉकाथॉन में कॉरपोरेट जगत, मीडिया, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों, क्लबों और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।

