Breaking
Sun. Sep 27th, 2026

*चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में झामुमो 28 सितंबर को करेगा पुतला दहन*

चाईबासा : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची पुनरीक्षण और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता के मुद्दे को लेकर 28 सितंबर को चाईबासा में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 4 बजे पोस्ट ऑफिस चौक पर आयोजित होगा।

झामुमो केंद्रीय समिति के निर्देश और पश्चिमी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम के आदेश पर होने वाले इस कार्यक्रम की जानकारी जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव आयोग की निष्पक्षता और पारदर्शिता का महत्वपूर्ण स्थान है। आयोग की आंतरिक कार्यप्रणाली को लेकर सामने आई रिपोर्टों के कारण कई सवाल उठे हैं।

बुधराम लागुरी ने द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि चुनाव आयुक्त एस.एस. संधू और विवेक जोशी ने पिछले दस महीनों में आयोग के कुछ निर्णयों और प्रक्रियाओं पर कम से कम 14 बार औपचारिक आपत्तियां दर्ज कीं। इनमें नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता सूची से नाम हटाने और बहाल करने तथा मतदाता डेटा तक पहुंच जैसे विषय शामिल बताए गए हैं।

उन्होंने कहा कि यह मामला केवल किसी राजनीतिक दल तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों के मताधिकार और चुनावी व्यवस्था में जनता के विश्वास से जुड़ा है। झामुमो का कहना है कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मामलों में अधिकतम पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है।

लागुरी ने कहा कि चुनाव आयोग ने इन रिपोर्टों पर स्पष्ट किया है कि आयोग के अंतिम निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए और आंतरिक विचार-विमर्श में अलग-अलग मत होना संस्थागत प्रक्रिया का हिस्सा है। इसके बावजूद झामुमो का मानना है कि मतदाता सूची से जुड़े किसी भी विवाद का समाधान पारदर्शी तरीके से किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी पात्र नागरिक का नाम गलत तरीके से नहीं कटना चाहिए और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम भी नहीं जोड़ा जाना चाहिए। लोकतंत्र में मतदाता का मताधिकार महत्वपूर्ण है और उसकी सुरक्षा प्राथमिकता होनी चाहिए।

झामुमो जिला समिति ने जिले के सभी सांसद, मंत्री, विधायक, केंद्रीय सदस्य, जिला समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य, सभी वर्ग संगठनों के अध्यक्ष-सचिव व पदाधिकारी, प्रखंड एवं नगर समितियों के अध्यक्ष-सचिव तथा कार्यकर्ताओं से 28 सितंबर को निर्धारित समय पर पोस्ट ऑफिस चौक पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। लागुरी ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने से मजबूत नहीं होता, बल्कि चुनाव प्रक्रिया पर जनता का विश्वास कायम रहने से भी मजबूत होता है।

Related Post