Breaking
Sat. Sep 26th, 2026

*मासिक लोक अदालत में 244 मामलों का निष्पादन, 3.13 लाख रुपये का हुआ समायोजन*

चाईबासा: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश पर शनिवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार चाईबासा के तत्वावधान में चाईबासा व्यवहार न्यायालय और चक्रधरपुर अनुमंडल न्यायालय परिसर में मासिक लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डीएलएसए चाईबासा मौहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।

लोक अदालत के लिए चाईबासा न्यायालय में आठ और चक्रधरपुर अनुमंडल न्यायालय में दो न्यायपीठों का गठन किया गया था। गठित न्यायपीठों के समक्ष विभिन्न सुलहनीय मामलों की सुनवाई की गई। इस दौरान प्री-लिटिगेशन के बैंक से संबंधित 90 मामलों का निष्पादन किया गया।

वहीं, विभिन्न न्यायालयों में लंबित 154 मामलों का भी निष्पादन हुआ। इनमें आपराधिक शमनीय (कंपाउंडेबल) 145 मामले, मोटर दुर्घटना क्लेम ट्रिब्यूनल से संबंधित एक मामला, बिजली से संबंधित चार मामले तथा वैवाहिक विवाद से जुड़े चार मामलों का निपटारा किया गया।

इस प्रकार मासिक लोक अदालत में कुल 244 मामलों का निष्पादन हुआ। इन मामलों में कुल 3,13,206 रुपये का समायोजन किया गया। लोक अदालत के माध्यम से मामलों के निपटारे से संबंधित पक्षकारों को समय और खर्च की बचत के साथ आपसी सहमति से विवाद समाप्त करने का अवसर मिला।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ने बताया कि झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार को मासिक लोक अदालत का आयोजन किया जाता है। इसमें लोग अपने सुलहनीय मामलों के निष्पादन के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति और सुलह के आधार पर मामलों का त्वरित निष्पादन किया जाता है।

Related Post