जमशेदपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 12021/12022 हावड़ा–बड़बिल जनशताब्दी एक्सप्रेस के रेक का व्यापक उन्नयन किया है। झारखंड और उत्तरी ओडिशा के औद्योगिक एवं खनिज बहुल क्षेत्रों को हावड़ा से जोड़ने वाली यह महत्वपूर्ण दैनिक ट्रेन अब पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक और बेहतर साज-सज्जा वाले कोचों के साथ संचालित हो रही है। रेक के उन्नयन में कोचों के अंदरूनी हिस्सों के साथ-साथ बाहरी संरचना और रखरखाव से जुड़े कई कार्य किए गए हैं।
उन्नयन के दौरान यात्रियों के बैठने की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया गया है। सीटों की गद्दियों और कवर को नया किया गया है। खराब आर्मरेस्ट और रिक्लाइनर बदले गए हैं, जबकि सेंटर टेबल और स्नैक ट्रे की मरम्मत एवं नवीनीकरण किया गया है। कोचों की छत और लगेज रैक को भी दुरुस्त किया गया है। खिड़कियों की क्षतिग्रस्त फिटिंग और रोलर ब्लाइंड्स को बदलकर उन्हें अधिक उपयोगी बनाया गया है।
गैर-वातानुकूलित कोचों में नए पंखे, एलईडी लाइट और चार्जिंग सॉकेट लगाए गए हैं। वहीं वातानुकूलित कोचों में चार्जिंग सुविधा के साथ बेहतर रीडिंग लाइट और अन्य आंतरिक यात्री सुविधाओं में सुधार किया गया है। इससे यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के दौरान रोशनी, हवा और मोबाइल अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की चार्जिंग जैसी सुविधाएं बेहतर तरीके से मिल सकेंगी।
ट्रेन के शौचालयों के रखरखाव पर भी विशेष जोर दिया गया है। शौचालय क्षेत्रों में नए फर्श, बेहतर जल फिटिंग, नवीनीकृत आंतरिक साज-सज्जा और हाइजीन मैट लगाए गए हैं। इससे साफ-सफाई और स्वच्छता के स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया गया है।
कोचों के बाहरी हिस्से को भी नया रूप दिया गया है। इसमें पीयू पेंटिंग, जंग प्रभावित हिस्सों का उपचार, दरवाजों और खिड़कियों की मरम्मत तथा कोच एवं गंतव्य संकेतक बोर्डों में सुधार शामिल है। रेलवे के अनुसार, रेक के इस व्यापक उन्नयन का उद्देश्य यात्रियों को अधिक स्वच्छ, आरामदायक और बेहतर सुविधाओं वाली यात्रा उपलब्ध कराना है।
हावड़ा–बड़बिल जनशताब्दी एक्सप्रेस झारखंड के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र जमशेदपुर समेत चक्रधरपुर रेल मंडल के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण ट्रेन है। इसके जरिए पश्चिम बंगाल, झारखंड और ओडिशा के बीच दैनिक यात्रियों, कर्मचारियों, कारोबारियों और अन्य यात्रियों को सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलती है। ऐसे में कोचों के उन्नयन से इस नियमित सेवा का उपयोग करने वाले यात्रियों को सीधे तौर पर बेहतर यात्रा सुविधा मिलने की उम्मीद है।

