जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने 26 सितंबर को कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में शनिवार को भीषण एवं लगातार भारी बारिश होने की संभावना है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह एहतियाती निर्णय लिया है।
जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार पूर्वी सिंहभूम में संचालित सभी सरकारी, निजी और अल्पसंख्यक विद्यालय 26 सितंबर को बंद रहेंगे। आदेश कक्षा 12 तक के विद्यालयों पर लागू होगा। प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन और संबंधित संस्थानों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यालयों में अवकाश रहने के बावजूद विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं हो, इसके लिए ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित किया जाए। विद्यालय प्रबंधन को विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों को यथासंभव ऑनलाइन माध्यम से जारी रखने को कहा गया है।
प्रशासन ने बताया कि जिले में मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। बारिश और मौसम की परिस्थितियों का आकलन करने के बाद आवश्यकता पड़ने पर आगे भी दिशा-निर्देश जारी किए जा सकते हैं। प्रशासन ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।
जारी आदेश की अवहेलना करने वाले विद्यालय या संस्थान के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जा सकती है। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विद्यालयों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

