चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के सेल गुवा अयस्क खदान के सीएमएलओ के सौजन्य से सृजन फाउंडेशन और सेल प्रबंधन के सीएसआर कार्यक्रम के तहत डीसीए कंप्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 45 छात्र-छात्राओं के बीच बुधवार को प्रशिक्षण सामग्री वितरित की गई। गुवा सेल क्लब में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बैग, डीसीए कंप्यूटर की पुस्तक, यूनिफॉर्म सहित अन्य आवश्यक सामग्री दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सेल गुवा के मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार, मुख्य महाप्रबंधक एचआर डी. सतपति, महाप्रबंधक एचआर प्रवीण कुमार सिंह, महाप्रबंधक प्रोजेक्ट आरके बंगा, सीएसआर डीजीएम अनिल कुमार और मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार अमन मौजूद रहे। सृजन फाउंडेशन के अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और स्वागत गान के साथ हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं से कंप्यूटर से संबंधित प्रश्न पूछे गए। विद्यार्थियों ने प्रश्नोत्तरी में हिस्सा लिया और कंप्यूटर से जुड़े अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार ने कहा कि सृजन फाउंडेशन और सेल प्रबंधन के सीएसआर कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं को छह महीने का कंप्यूटर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कंप्यूटर प्रशिक्षण से छात्र-छात्राओं की तकनीकी दक्षता बढ़ेगी। इससे उन्हें आगे रोजगार के अवसर हासिल करने के साथ स्वरोजगार की दिशा में भी आगे बढ़ने में मदद मिल सकती है।
कार्यक्रम में मौजूद अन्य अतिथियों ने भी छात्र-छात्राओं को संबोधित किया और प्रशिक्षण का नियमित रूप से लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रशिक्षण के दौरान कंप्यूटर की जानकारी और तकनीकी कौशल को बेहतर तरीके से सीखने की बात कही।
मौके पर सृजन फाउंडेशन की पूजा, स्वजन मन्ना, संजय कुमार, संजय दास, दीपक सिद्धू, राजलक्ष्मी दास और परिंदा समद सहित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सभी छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

