Breaking
Wed. Sep 23rd, 2026

*एंटी करप्शन इंटरनेशनल काउंसिल की बैठक में संगठन विस्तार पर जोर*

चाईबासा: एंटी करप्शन इंटरनेशनल काउंसिल के जिला कार्यकारी अध्यक्ष विवेक शर्मा के पदभार संभालने के बाद पहली बैठक उनके कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के सदस्यों ने विवेक शर्मा को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। इसके बाद संगठन की आगामी गतिविधियों और कार्ययोजना को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। सदस्यों ने कहा कि संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए जिले में नियमित रूप से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जरूरत है। इसके लिए सदस्यों के बीच आपसी समन्वय बनाकर काम करने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में मिशन बसुंधरा के तहत चल रहे वृक्षारोपण अभियान को जिले में व्यापक स्तर पर चलाने पर जोर दिया गया। सदस्यों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाए जाने चाहिए और लगाए गए पौधों की देखभाल भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। संगठन की ओर से आने वाले दिनों में इस अभियान को और गति देने की बात कही गई।

विवेक शर्मा ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी सदस्यों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कार्ययोजना के अनुसार जिम्मेदारी निभाने की बात कही।

बैठक में संगठन के विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श के साथ आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई। मौके पर राज किशोर ठाकुर, सदाशिव खत्री, महेंद्र जामुदा, नीलंबर पान, मनमोहन गोप सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Related Post