Breaking
Wed. Sep 23rd, 2026

रांची रेलवे स्टेशन पर 12.7 किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार, ओडिशा से रांची पहुंचा था आरोपी

रांची। रेलवे सुरक्षा बल ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन नारकोस के तहत रांची रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए 12 किलो 700 ग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 35 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार युवक की पहचान बिहार के रोहतास निवासी करीब 29 वर्षीय असगर खान के रूप में हुई है।

रेलवे सुरक्षा बल के अनुसार, 22 सितंबर को रांची फ्लाइंग टीम और रांची रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट की संयुक्त टीम प्लेटफॉर्म संख्या एक ए पर जांच कर रही थी। इसी दौरान टीम की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी। उसके पास मौजूद काले रंग के पिट्ठू बैग और मिट्टी रंग के ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों बैग से गांजा के नौ पैकेट बरामद हुए।

मौके पर डीडी जांच किट से पदार्थ की जांच की गई, जिसमें उसके गांजा होने की पुष्टि हुई। इसके बाद बरामद 12.700 किलोग्राम गांजे को विधिवत तौलकर पैक और सील किया गया। आरोपी के पास से झारसुगुड़ा से रांची का एक अनारक्षित रेलवे टिकट भी मिला।

पूछताछ में असगर खान ने रेलवे सुरक्षा बल को बताया कि उसे यह गांजा ओडिशा के बौध में राजा नामक व्यक्ति ने दिया था। वह बस से बौध से झारसुगुड़ा पहुंचा और वहां से ट्रेन संख्या 13426 एक्सप्रेस से रांची आया था।

रेलवे सुरक्षा बल ने बरामद गांजा, रेलवे टिकट और जब्ती से संबंधित दस्तावेजों के साथ आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेलवे पुलिस, रांची को सौंप दिया। मामले में स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Related Post