जमशेदपुर। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के कैलाश नगर में बुधवार सुबह एक युवक ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राज उर्फ विनय पांडेय (35) के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
बताया गया कि राज कैलाश नगर के नंबर 41सी ब्लॉक में अंजय कुमार के मकान की पहली मंजिल पर रहता था। बुधवार सुबह वह अपने कमरे में गया, जहां बाद में उसका शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू की। प्रारंभिक जानकारी में युवक के पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान रहने की बात सामने आई है। हालांकि, उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

