Breaking
Wed. Sep 23rd, 2026

करमा पर्व के बाद तालाब में डूबने से सत्येंद्र भुइयां की मौत, दो-तीन घंटे की तलाश के बाद मिला शव

हजारीबाग। कटकमदाग थाना क्षेत्र के कूद-रेवाली गांव में करमा पर्व के बाद तालाब में डूबने से सत्येंद्र भुइयां की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मौजूदगी में करीब दो से तीन घंटे तक तालाब में तलाश अभियान चलाया गया, जिसके बाद सत्येंद्र का शव बरामद किया गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, करमा पर्व के बाद सत्येंद्र भुइयां तालाब के पास गए थे। इसी दौरान स्थानीय बच्चों ने उन्हें तालाब में डूबते हुए देखा। बच्चों ने तत्काल इसकी जानकारी आसपास के ग्रामीणों को दी। इसके बाद ग्रामीण मौके पर जुट गए और घटना की सूचना पुलिस तथा प्रशासन को दी गई। मुखिया प्रतिनिधि धीरज कुमार ने भी प्रशासन को सूचना देकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराने की मांग की।

पुलिस और प्रशासन की टीम की मौजूदगी में ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर सत्येंद्र की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद करीब दो से तीन घंटे की मशक्कत के बाद उनका शव तालाब से बरामद किया गया। शव मिलने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

मुखिया प्रतिनिधि धीरज कुमार ने बताया कि सत्येंद्र भुइयां बेहद गरीब परिवार से थे। उनके निधन से परिवार के सामने बड़ी आर्थिक परेशानी खड़ी हो गई है। सत्येंद्र अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। उन्होंने प्रशासन से मृतक के आश्रितों को सरकारी प्रावधान के तहत आर्थिक सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।

कटकमदाग अंचल अधिकारी सत्येंद्र कुमार पासवान ने कहा कि मृतक के परिवार को सरकारी प्रावधानों के तहत नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है।

Related Post