Breaking
Tue. Sep 22nd, 2026

मोबाइल छिनतई के मामले में आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और बाइक बरामद

जमशेदपुर। मानगो थाना क्षेत्र के जवाहर नगर रोड नंबर-15 स्थित ब्रह्म पथ के पास 20 सितंबर को युवती से मोबाइल छिनतई के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपाली ओपी क्षेत्र के गौस नगर, बेल चौक निवासी 26 वर्षीय कलामुद्दीन उर्फ कलाम के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर छिनतई किया गया रोज गोल्ड रंग का एंड्रॉयड मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और वारदात के समय पहनी गई हल्के क्रीम रंग की फुल शर्ट बरामद की है।

मानगो थाना प्रभारी वीरेन्द्र कुमार ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि 20 सितंबर को दोपहर करीब 2:35 बजे मोटरसाइकिल सवार आरोपी ने ब्रह्म पथ के पास एक युवती से मोबाइल फोन छीन लिया था। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर मानगो थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को आरोपी की पहचान करने में सफलता मिली। वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एएसपी ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में गठित टीम ने सूचना के आधार पर छापेमारी कर कलामुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ साकची थाना में वर्ष 2019 में एक मामला तथा आजादनगर थाना में वर्ष 2025 में दो मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है। कार्रवाई में एएसपी ऋषभ त्रिवेदी, मानगो थाना प्रभारी वीरेन्द्र कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

Related Post