चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित एफसीआई गोदाम के बाहर रविवार देर रात सरकारी चावल चोरी करने की कोशिश का मामला सामने आया। ट्रक से चावल की बोरियां निकालकर ई-रिक्शा में लादकर ले जा रहे एक युवक को ट्रक चालकों ने पीछा कर पकड़ लिया। पकड़ने के बाद चालकों ने युवक के हाथ-पैर बांधकर उसे मौके पर रोककर रखा और घटना की सूचना पुलिस तथा एफसीआई के अधिकारियों को दी। पकड़े गए युवक की पहचान रेलवे क्षेत्र के गैंगखोली निवासी विकास सतनामी के रूप में बताई जा रही है।
बताया गया कि ट्रक चालक संजय शर्मा सरायकेला स्थित एफसीआई गोदाम से सरकारी चावल लेकर चक्रधरपुर पहुंचे थे। रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण एफसीआई गोदाम बंद था। उन्होंने ट्रक को प्रखंड कार्यालय के समीप खड़ा किया और केबिन में सो गए। रात करीब दो बजे उनकी नींद खुली तो ट्रक के पिछले हिस्से में लगा तिरपाल खुला मिला। इसके बाद उन्हें ट्रक से चावल की बोरियां निकाल लिए जाने का संदेह हुआ।
संजय शर्मा ने आसपास खड़े दूसरे ट्रकों के चालकों को जगाया और सभी ने मिलकर इलाके में चावल ले जाने वाले व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान प्रखंड कार्यालय के मुहाने के पास एक ई-रिक्शा दिखाई दिया, जिसमें चावल की बोरियां लदी थीं। ई-रिक्शा लेकर जा रहे युवक को चालकों ने रोकने का प्रयास किया तो वह वाहन छोड़कर भागने लगा। चालकों ने उसका पीछा कर कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया।
पकड़े जाने के बाद चालक उसे वापस घटनास्थल पर लेकर आए और उसके हाथ-पैर बांधकर अपने कब्जे में रखा। चालकों के अनुसार, युवक ट्रक से निकाली गई चावल की बोरियों को ई-रिक्शा के माध्यम से किसी दूसरी जगह ले जाने की कोशिश कर रहा था। चालक संजय शर्मा ने बताया कि पकड़े जाने के बाद युवक ने अपना मोबाइल फोन खुद तोड़ दिया। पूछताछ में उसने कथित रूप से अपने साथियों के बारे में कोई जानकारी देने से भी इनकार किया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित विभागीय अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। सोमवार सुबह एफसीआई के एजीएम के मौके पर पहुंचने के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस अथवा विभागीय अधिकारियों को सौंपे जाने की बात कही गई। फिलहाल कितनी बोरियां चोरी करने का प्रयास किया गया और इस घटना में युवक के अलावा अन्य लोग शामिल थे या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।

