रांची। हमर अधिकार मंच के बैनर तले रविवार को रांची प्रेस क्लब में झारखंड राज्य सेवा देने की गारंटी अधिनियम, 2011 यानी सेवा का अधिकार कानून को लेकर विस्तृत कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में झारखंड के 14 जिलों से आए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में नागरिकों को सरकारी सेवाएं निर्धारित समय सीमा में उपलब्ध कराने से जुड़े प्रावधानों के साथ आवेदन, प्रथम अपील और द्वितीय अपील की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
मंच के अध्यक्ष दीपेश निराला ने कहा कि झारखंड राज्य सेवा देने की गारंटी अधिनियम लागू हुए करीब 15 वर्ष हो चुके हैं, लेकिन इसका व्यापक प्रचार-प्रसार नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में नागरिक इस कानून के तहत मिलने वाली सेवाओं का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने 363 से अधिक सरकारी सेवाओं को समयबद्ध सेवा के दायरे में सूचीबद्ध किया है। इन सेवाओं के लिए निर्धारित समय सीमा तय है और समय पर सेवा नहीं मिलने की स्थिति में संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई का प्रावधान है।
कार्यशाला में बताया गया कि सेवा का अधिकार के तहत आवेदन करने के बाद निर्धारित अवधि में सेवा नहीं मिलने पर प्रथम अपील और उसके बाद द्वितीय अपील की जा सकती है। इसके लिए किसी प्रकार का शुल्क जमा नहीं करना होता है। द्वितीय अपीलीय प्राधिकार को दोषी पदाधिकारी पर जुर्माना लगाने के साथ आवेदक को क्षतिपूर्ति दिलाने का भी अधिकार है। प्रतिभागियों को यह भी बताया गया कि अलग-अलग सेवाओं के लिए आवेदन और अपील किस स्तर के अधिकारी के समक्ष की जानी है।
कार्यशाला में झारखंड राज्य सेवा देने की गारंटी नियमावली, 2011, वर्ष 2015 में किए गए संशोधन, सेवा अधिकार मार्गदर्शिका तथा कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की ओर से जारी विभिन्न पत्रों के आधार पर सेवा का अधिकार कानून की बारीकियों को समझाया गया। प्रतिभागियों को कानून से संबंधित पुस्तक, सामग्री किट और सहभागिता प्रमाणपत्र भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष रेणुका तिवारी, राजकुमार, कोषाध्यक्ष विनोद जैन बागवानी, कार्यकारिणी सदस्य सुजीत कुमार पांडेय, प्रमोद कुमार, कुमार अभिषेक दुबे, अखिल कुमार, विकास निरंजन, मनोज सिंह, अरुणाभा कर, अमिताभ कुमार, विजय कुमार, रश्मि भेंगरा, प्रिय ब्रत प्रसाद, नेम चंद महतो, चंद्रदेव वर्णवाल, प्रो. मीनाक्षी कुजूर, विवेक सिंह, डॉ. स्मृतिकाना घोष, मीना कुमारी, बीरेंद्र नगड़ूवार, अंकित कुमार लाल, शालू कुमारी, अमरावती देवी, रीतलाल मंडल, जय नारायण महतो, राजकिशोर महतो, दिलीप कुमार, जूही चौधरी, ओम प्रकाश उपाध्याय, सूर्य प्रकाश, देशबंधु शास्त्री, दीनबंधु कुमार, रामधन महतो, मनीष बक्शी, संतोष कुमार दसौंधी, राहुल कुमार, सूरज महतो, प्रदीप कुमार, शमीम आलम अंसारी, वसीम आलम अंसारी, अजय कुमार, संजीव कुमार, शिवानंद कांशी, अरुण कुमार तिवारी, मार्शल बारला, अनिरुद्ध कुमार, नवल किशोर लाल, धनुर्जय सिंह, श्याम सुंदर यादव, डॉ. सुमन्यू, सुनीता सिंह, रामाज्ञा सिंह, बृज मोहन ओझा, सुधीर कुमार, मनोज कुमार, नवीन कुमार, विनोद कुमार बेगवानी, सूरज कुमार सिन्हा, पवन कुमार केशरी, नवीन निश्चल, बैजनाथ महतो, बृजराज सिंह, आफरीन अजीम, अजय कुमार, पप्पू कुमार, गोदेनसियुस कंडुलना, नसीम आलम अंसारी, सीमा प्रवीण, आशीष कुमार जायसवाल, भुनेश्वर सिंह, अमित राज, अमान्नूर भेंगरा, लातेहार से जुड़े प्रतिनिधि सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संतोष मृदुला ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रेणुका तिवारी ने किया।

