Breaking
Sun. Sep 20th, 2026

राजनगर में भालू ने 80 वर्षीय ग्रामीण पर किया हमला, पैर की हड्डी टूटी, एमजीएम में भर्ती

सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड में रविवार सुबह भालू के हमले में 80 वर्षीय ग्रामीण मानसिंह हांसदा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बलरामपुर गांव के समीप करीब सुबह 5:45 बजे की बताई जा रही है। हमले में उनके पैर की हड्डी टूट गई, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी काटने और नाखून के गहरे जख्म आए हैं। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया गया कि बलरामपुर निवासी मानसिंह हांसदा रविवार सुबह अपने गांव से बैठकालसाईं की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक एक भालू सामने आ गया और उसने उन पर हमला कर दिया। भालू ने उन्हें जमीन पर गिराकर शरीर के कई हिस्सों में काट लिया और नाखून से भी चोट पहुंचाई। हमले में उनके पैर की हड्डी टूटने की बात सामने आई है।

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने किसी तरह घायल मानसिंह हांसदा को भालू से बचाया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। बाद में उन्हें जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद बलरामपुर और आसपास के गांवों में ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल है। ग्रामीणों को आशंका है कि इलाके में भालू की मौजूदगी के कारण आगे भी इस तरह की घटना हो सकती है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने, भालू की गतिविधियों का पता लगाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। घटना की सूचना वन विभाग को दिए जाने की बात कही गई है। हालांकि, भालू को पकड़ने या उसे जंगल की ओर खदेड़ने के लिए विभाग की ओर से अब तक क्या कार्रवाई की गई है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

Related Post