जमशेदपुर। श्री गो-कृपा कथा महोत्सव के अवसर पर जमशेदपुर पहुंचे संत ग्वाल श्री जी महाराज ने शनिवार को कालियाडीह गौशाला का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने गौशाला में गौवंश की देखभाल और सेवा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साध्वी श्रद्धा दीदी भी उनके साथ मौजूद रहीं। गौशाला पहुंचने पर समिति के सदस्यों और गौभक्तों ने उनका स्वागत किया।
भ्रमण के दौरान संत ग्वाल श्री जी महाराज ने अपने हाथों से गौवंश को हरी सब्जियां, फल और गुड़ खिलाया। उन्होंने गौवंश के रहन-सहन, खान-पान और देखभाल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। गौशाला समिति के अध्यक्ष दीनदयाल काउंटिया ने उन्हें गौशाला की व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
समिति के अनुसार, वर्तमान में कालियाडीह गौशाला में 616 गौवंश की सेवा 47 कर्मचारियों के माध्यम से की जा रही है। समिति ने बताया कि यहां सेवा प्राप्त कर रहे गौवंश दूध नहीं देते हैं और उनकी नियमित देखभाल की जाती है।
व्यवस्थाओं की सराहना
गौशाला की व्यवस्थाओं और उपलब्ध संसाधनों का अवलोकन करने के बाद संत ग्वाल श्री जी महाराज ने समिति के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गौशाला में सेवा के लिए सुदृढ़ व्यवस्था और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हैं। उन्होंने गौसेवा को और व्यवस्थित एवं वैज्ञानिक तरीके से आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
सात दिन के प्रशिक्षण के लिए भेजेंगे विशेषज्ञ
संत ग्वाल श्री जी महाराज ने गौशाला की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए अपनी टीम की ओर से एक अनुभवी प्रशिक्षक को सात दिनों के लिए भेजने की घोषणा की। प्रशिक्षक गौशाला के कर्मचारियों को गौवंश को व्यवस्थित रखने, उनकी श्रेणी के अनुसार देखभाल करने और उचित खान-पान एवं फीडिंग की व्यवस्था से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण देगा।
उन्होंने कहा कि गौवंश की सेवा में श्रद्धा के साथ सही प्रबंधन, उचित आहार और व्यवस्थित देखभाल भी जरूरी है। प्रशिक्षण के माध्यम से गौशाला की सेवा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर राजकुमार अग्रवाल, दिलीप गोयल, रामावतार अग्रवाल (स्टील सिटी), विजय आनंद मूनका, अश्विनी कुमार अग्रवाल, मनोज गोयल, अनिल अग्रवाल, अनंत सरायवाला, दर्श मूनका, सुरेश देबुका, कमल लड्ढा, कैलाश अग्रवाल (अधिवक्ता), विशाल तिवारी, अशोक अग्रवाल सहित अन्य गौभक्त और गौशाला समिति के सदस्य मौजूद रहे।

