चाईबासा: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार मेरा युवा भारत (MY Bharat) और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), महिला कॉलेज चाईबासा के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को महिला कॉलेज के बी.एड. विभाग स्थित बहुउद्देशीय भवन में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन से हुई। इसके बाद अतिथियों और उपस्थित पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी प्राचार्य विकास मिश्रा ने कहा कि सभी लोगों को किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहना चाहिए। नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील की।
एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी मनीषा बिरूवा ने कहा कि युवाओं को स्वयं नशे से बचने के साथ समाज में भी इसके दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता फैलानी चाहिए। उन्होंने नशे की लत से प्रभावित लोगों को उचित उपचार और आवश्यक सहायता लेने के लिए प्रेरित करने की बात कही।
इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद छात्राओं, शिक्षकों और अन्य लोगों ने नशा मुक्ति की शपथ ली। साथ ही नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें छात्राओं और शिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम में बी.एड. विभागाध्यक्ष मोहम्मद मुबारक करीम हाशमी, डॉ. राजीव लोचन नामता, मदन मोहन मिश्रा, सितेंद्र रंजन सिंह सहित बी.एड. विभाग की सत्र 2024-26, 2025-27 और 2026-28 की छात्राएं तथा महिला कॉलेज की अन्य छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में सितेंद्र रंजन सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की बजाय पेड़ लगाने, ईमानदारी, मेहनत, पढ़ाई और समाज सेवा जैसे अच्छे कार्यों का नशा करना चाहिए। उन्होंने सभी से मादक पदार्थों से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवन जीने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशा मुक्त, स्वस्थ एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना रहा l

