जमशेदपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने गुरुवार को झारसुगुड़ा रेलवे स्टेशन, यार्ड और झारसुगुड़ा-सार्डेगा रेलखंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, रेल परिचालन, संरक्षा व्यवस्था और प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। महाप्रबंधक ने अधिकारियों के साथ स्टेशन के विस्तार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए निर्धारित समय के अनुसार कार्यों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
झारसुगुड़ा स्टेशन के निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त रेल लाइनों के विकास और प्लेटफॉर्म की संख्या बढ़ाने की योजना की समीक्षा की गई। स्टेशन पर वर्तमान में पांच प्लेटफॉर्म हैं, जिन्हें बढ़ाकर 10 करने की दिशा में प्रस्तावित एवं चल रहे कार्यों पर अधिकारियों ने महाप्रबंधक को जानकारी दी। उन्होंने स्टेशन और यार्ड की परिचालन व्यवस्था का जायजा लेते हुए रेल यातायात के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।
रेलवे यार्ड में महाप्रबंधक ने संरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं और आवश्यक सुरक्षा जांचों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को रेल परिचालन के दौरान निर्धारित संरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके बाद उन्होंने झारसुगुड़ा-सार्डेगा सेक्शन का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया और रेलखंड की परिचालन व्यवस्था का जायजा लिया।
दौरे के दौरान स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत बीएनआर स्कूल, झारसुगुड़ा के विद्यार्थियों के साथ जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। महाप्रबंधक ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कचरे के उचित पृथक्करण, संग्रहण और वैज्ञानिक प्रबंधन के महत्व की जानकारी दी।
महाप्रबंधक ने पावर हाउस में विद्युत उत्पादन के लिए आवश्यक कोयले की आपूर्ति को लेकर एमसीएल के अधिकारियों के साथ भी चर्चा की। उन्होंने कोयला लोडिंग क्षमता बढ़ाने, आपूर्ति व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा बिजली उत्पादन की जरूरतों के अनुरूप कोयले की निर्बाध और समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने से जुड़े पहलुओं पर अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया।

