जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने कथित तौर पर हत्या की योजना बना रहे पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मिल्लत नगर स्थित गोलघर स्कूल के पास छापेमारी कर सभी को हथियार के साथ पकड़ा। गिरफ्तार युवकों में मिल्लत नगर निवासी सैफ अली उर्फ राज बच्चा, मो. रेहान गद्दी उर्फ जिया, मो. शहनवाज उर्फ बिगाडू, मो. शहजादा आलम उर्फ साहिल और मो. नसीम अंसारी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी सैफ अली के पास से एक देशी पिस्टल, मैगजीन में लोड 7.65 एमएम के दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। घटनास्थल से इसी बोर का एक खोखा भी मिला है।
गुरुवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि जुगसलाई पुलिस को सूचना मिली थी कि आर्म्स एक्ट और फायरिंग के मामलों में पूर्व से आरोपित सैफ अली उर्फ राज बच्चा अपने साथियों के साथ हथियार लेकर गोलघर स्कूल के पास जमा है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर घेराबंदी कर पांचों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ और जांच के दौरान आरोपियों द्वारा सब्बु टाल वाला के बेटों को निशाना बनाने की कथित योजना की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, इससे पहले 9 अगस्त को सैय्यद रिजवान करीम ने जुगसलाई थाना में आवेदन देकर सैफ अली से खुद और अपने परिवार को खतरा होने की आशंका जताई थी। पुलिस का कहना है कि 26 अगस्त को ईद मिलाद-उन-नबी के दिन भी सैफ अली अपने सहयोगियों के साथ घर की छत पर किसी परिवार को नुकसान पहुंचाने की योजना बना रहा था। जांच में हथियार के साथ वीडियो बनाए जाने तथा शहजादा आलम द्वारा छत से एक राउंड फायरिंग किए जाने की बात भी सामने आई है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, सैफ अली उर्फ राज बच्चा के खिलाफ जुगसलाई, परसुडीह, कदमा और बागबेड़ा थाना में कुल 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, मारपीट, रंगदारी, लूट, आगजनी और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं। पुलिस के अनुसार शहनवाज और शहजादा आलम के खिलाफ भी अलग-अलग थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर कथित साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

