Breaking
Thu. Sep 17th, 2026

बड़ाबांबू चौक पर फायरिंग मामले में दो गिरफ्तार, देसी कट्टा और कारतूस बरामद

खरसावां। आमदा ओपी क्षेत्र के बड़ाबांबू चौक के पास बुधवार देर रात फायरिंग और गाली-गलौज की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक देसी कट्टा बरामद किया है, जिसमें एक गोली फंसी हुई थी। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और दो दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पोटोबेड़ा निवासी निरंजन दास और खमारडीह निवासी सुनील साहू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सुनील साहू का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है।

मामले की जानकारी गुरुवार शाम सरायकेला थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में सरायकेला अंचल के इंस्पेक्टर राजेश टुडू और आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान ने दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बुधवार की रात करीब 1:20 बजे बड़ाबांबू चौक के समीप दो युवकों द्वारा फायरिंग करने और जोर-जोर से गाली-गलौज किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर इलाके में तत्काल छापेमारी शुरू की गई।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से देसी कट्टा बरामद हुआ, जिसमें एक गोली फंसी मिली। पुलिस ने दो मोबाइल फोन के साथ एक एक्टिवा स्कूटी और एफजेड-5 बाइक भी जब्त की है।

पुलिस अब फायरिंग के कारण, घटना में आरोपियों की भूमिका और हथियार के स्रोत समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

Related Post