Breaking
Thu. Sep 17th, 2026

चक्रधरपुर में महिला की हत्या, प्रेम प्रसंग के एंगल से जांच कर रही पुलिस

चक्रधरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में गुरुवार दोपहर एक महिला की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। तंबाकू पट्टी शीतला मंदिर रोड स्थित एक मकान की दूसरी मंजिल के कमरे से महिला का शव बरामद किया गया। मृतका की पहचान अनीता मिंज के रूप में हुई है। वह करीब 15 दिन पहले मकान में किराए पर रहने आई थी और कमरे में अकेली रहती थी। बताया जा रहा है कि वह सोनुआ प्रखंड में सरकारी कर्मचारी के रूप में कार्यरत थी।

मकान मालिक संजय साहू के अनुसार, गुरुवार दोपहर वह अपने घर में खाना खा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें जानकारी दी कि एक व्यक्ति अनीता के कमरे में गया है। सूचना मिलने पर वह अन्य लोगों के साथ तत्काल दूसरी मंजिल पर पहुंचे। कमरे के अंदर अनीता मृत अवस्था में मिली, जबकि वहां मौजूद एक युवक को लोगों ने पकड़ लिया।

पकड़े गए युवक ने अपना नाम अनिल मिंज बताया। पूछताछ के दौरान उसने कहा कि वह अनीता से मिलने आया था और दोनों दोस्त थे। उसने हत्या में अपनी संलिप्तता से इनकार किया। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों को उसके बयान पर संदेह हुआ। इसके बाद लोगों ने उसकी पिटाई कर उसे बांध दिया और घटना की सूचना चक्रधरपुर पुलिस को दी।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अनिल मिंज को हिरासत में लेकर थाना ले गई। चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और युवक से पूछताछ के आधार पर मामले की तहकीकात कर रही है।

Related Post