Breaking
Thu. Sep 17th, 2026

सनहा की कॉपी देने के बदले 5 हजार रुपये रिश्वत लेते व्यक्ति गिरफ्तार, मधुबन थाना प्रभारी भी नामजद

धनबाद। मधुबन थाना क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो के इंश्योरेंस क्लेम से जुड़ी पुलिस रिपोर्ट की कॉपी देने के एवज में कथित रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), धनबाद की टीम ने कार्रवाई करते हुए थाना परिसर से 5 हजार रुपये रिश्वत लेते एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मामले में मधुबन थाना प्रभारी दिपेश कुमार को भी नामजद आरोपी बनाया गया है।

जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो संख्या JH15K-4933 बीते 19 जुलाई को चैनपुर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में किसी की मौत नहीं हुई, लेकिन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन मालिक ने नुकसान की भरपाई के लिए टाटा एआईजी इंश्योरेंस कंपनी में क्लेम किया। कंपनी की ओर से क्लेम की प्रक्रिया पूरी करने के लिए संबंधित थाने की सनहा रिपोर्ट की प्रति मांगी गई।

बताया गया कि सनहा की कॉपी लेने के लिए वाहन मालिक मधुबन थाना पहुंचा। आरोप है कि थाना प्रभारी दिपेश कुमार ने रिपोर्ट की प्रति उपलब्ध कराने के एवज में 5 हजार रुपये की मांग की। इसके बाद वाहन मालिक ने धनबाद एसीबी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने कार्रवाई की योजना तैयार की।

निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता 5 हजार रुपये लेकर मधुबन थाना पहुंचा। आरोप है कि थाना प्रभारी के इशारे पर विक्रम कुमार चौधरी नामक व्यक्ति ने रुपये लिए। इसी दौरान पहले से तैनात एसीबी की टीम ने मजिस्ट्रेट और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में विक्रम कुमार चौधरी को रिश्वत की रकम के साथ पकड़ लिया। एसीबी ने मौके से रुपये भी जब्त कर लिए।

कार्रवाई के बाद एसीबी ने थाना प्रभारी दिपेश कुमार को भी मामले में आरोपी बनाया है। पूरे प्रकरण में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Post