Breaking
Wed. Sep 16th, 2026

*पश्चिमी सिंहभूम चैंबर की सातवीं कार्यसमिति बैठक संपन्न, 20 सितंबर को होगी वार्षिक आमसभा*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की सातवीं कार्यसमिति की बैठक स्थानीय टिप्सी रेस्टोरेंट में आयोजित हुई। बैठक में पिछली कार्यसमिति की बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की गई। साथ ही आगामी 20 सितंबर को होने वाली वार्षिक आमसभा (एजीएम) की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में वार्षिक आमसभा के सफल और व्यवस्थित आयोजन के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया और सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। निर्णय लिया गया कि वार्षिक आमसभा का आयोजन 20 सितंबर को पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया जाएगा। इसके बाद भोजनावकाश होगा।

भोजनावकाश के बाद 30 मिनट का खुला सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें चैंबर के सदस्य अपने विचार और सुझाव रख सकेंगे। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि किसी सदस्य को एजीएम से संबंधित कोई सुझाव देना है तो वह 19 सितंबर तक अध्यक्ष को लिखित रूप में दे सकते हैं।

कार्यसमिति की बैठक में चैंबर के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 सदस्यों के अलावा वरिष्ठ और बुजुर्ग सदस्यों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। वहीं, चैंबर में शामिल हुए नए सदस्यों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत और सम्मान करने पर भी सहमति बनी।

बैठक में कार्यसमिति के सदस्यों ने वार्षिक आमसभा को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ काम करने पर जोर दिया। सदस्यों को सौंपे गए दायित्वों को समय पर पूरा करने को लेकर भी चर्चा हुई।

बैठक में अध्यक्ष निरंजन कुमार अग्रवाल, संस्थापक विकास चंद्र मिश्र, महासचिव आयुष दौदराजका, उपाध्यक्ष छोटेलाल तमसोय, गौरव मुंदड़ा, कोषाध्यक्ष शंभू फिरोजिया, कार्यसमिति सदस्य रमेश पसारी, प्रकाश उपाध्याय, रवि अग्रवाल, चेयरमैन कमेटी ओम प्रकाश केडिया, दीपक अग्रवाल, संतोष सिन्हा, छोटू लाल गुप्ता, कुमुदिनी सिंह तथा चक्रधरपुर अनुमंडल के उपाध्यक्ष अजय कुमार शर्मा सहित कार्यसमिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक में वार्षिक आमसभा के कार्यक्रम को लेकर सभी सदस्यों से सक्रिय सहयोग करने की अपील की गई।

Related Post