Breaking
Wed. Sep 16th, 2026

शहर में हादसे रोकने को सड़क सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत, एसडीओ ने दिए समन्वित कार्रवाई के निर्देश

जमशेदपुर। शहर में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए धालभूम अनुमंडल कार्यालय में बुधवार को सड़क सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को लेकर बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा ने की। इसमें दुर्घटनाओं के कारणों की समीक्षा के साथ हादसों को रोकने के लिए यातायात व्यवस्था में सुधार और सड़क सुरक्षा उपायों को प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई।

एसडीओ ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और ब्लैक स्पॉट की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने जरूरत के अनुसार यातायात संकेतक, रोड मार्किंग, गति सीमा संबंधी साइन बोर्ड सहित अन्य सड़क सुरक्षा सुविधाओं को दुरुस्त करने पर जोर दिया। बैठक में ओवरस्पीडिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने, हेलमेट व सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने और अनधिकृत पार्किंग जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

अर्नव मिश्रा ने सड़क हादसों में कमी लाने के लिए इंजीनियरिंग, एनफोर्समेंट, एजुकेशन और इमरजेंसी रिस्पॉन्स के समन्वय से काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कराना जितना जरूरी है, उतना ही आवश्यक लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना भी है। बैठक में पीक आवर्स के दौरान ट्रैफिक फ्लो, अतिक्रमण हटाने, पार्किंग व्यवस्था और भारी वाहनों के प्रवेश से जुड़े मुद्दों की भी समीक्षा की गई।

बैठक में डीएसपी ट्रैफिक, मोटरयान निरीक्षक, जुस्को, परिवहन विभाग और ऑटो एसोसिएशन के प्रतिनिधियों समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।

Related Post