पलामू। हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार की शाम सघन जांच अभियान के दौरान एक नाबालिग समेत दो युवकों को अवैध हथियार के साथ पकड़ा। पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। मामले में हुसैनाबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 की शाम करीब सात बजे कचरा मोड़ के पास पुलिस अवर निरीक्षक बिमल कुमार के नेतृत्व में सहायक अवर निरीक्षक रामचन्द्र सिंह और सशस्त्र बल के जवान वाहनों एवं संदिग्ध लोगों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान करीब 7.50 बजे छतरपुर की ओर से पैदल आ रहे दो युवकों की गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगीं। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे। जवानों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में दोनों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक निरुद्ध किशोर की जींस के बाएं कमर हिस्से में खोंसा हुआ लोहे का लोडेड देसी कट्टा बरामद हुआ। वहीं दूसरे आरोपी रितेश कुमार पासवान, उम्र करीब 18 वर्ष, पिता उदय पासवान, निवासी अलीनगर, हुसैनाबाद के जींस की दाहिनी जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस ने हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने अपने स्तर पर अपराध स्वीकार किया है। इस संबंध में हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 193/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार रितेश कुमार पासवान और निरुद्ध किशोर को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए भेजा जा रहा है। कार्रवाई में पुलिस अवर निरीक्षक बिमल कुमार, सहायक अवर निरीक्षक रामचन्द्र सिंह, आरक्षी 1984 महेन्द्र राम और आरक्षी 332 चन्द्र भूषण कुमार दूबे शामिल थे।

