चाईबासा: संघ लोक सेवा आयोग की संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर चाईबासा और पश्चिमी सिंहभूम जिले का नाम रोशन करने वाले आयुष राज को मंगलवार को सम्मानित किया गया। जिला समाहरणालय स्थित उपायुक्त प्रकोष्ठ में उपायुक्त मनीष कुमार ने आयुष राज को अंगवस्त्र और पौधा भेंट कर सम्मानित किया तथा उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा में सफलता हासिल करने के बाद आयुष राज का भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून में सैन्य अधिकारी के रूप में प्रशिक्षण के लिए चयन हुआ है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद वह भारतीय थल सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त होकर देश की सेवा करेंगे।
इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि आयुष राज की सफलता पश्चिमी सिंहभूम के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि कठिन मेहनत, अनुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और लक्ष्य के प्रति निरंतर समर्पण के बल पर युवा किसी भी मुकाम को हासिल कर सकते हैं। आयुष राज की उपलब्धि उनके परिवार के साथ-साथ पूरे जिले के लिए गौरव की बात है।
कार्यक्रम के दौरान आयुष राज के अभिभावक और बहुउद्देश्यीय कार्यकर्ता मनोरंजन कुमार को भी सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने आयुष की सफलता में परिवार के सहयोग और मार्गदर्शन की भूमिका की सराहना की।
मौके पर उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा, सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल और गोपनीय प्रभारी कुमार हर्ष मौजूद रहे। सभी ने आयुष राज और उनके अभिभावक को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

